📰 पूरी खबर:

पन्ना जिला अस्पताल के परिसर के बाहर उस समय अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब एक दंपति के बीच का मामूली विवाद सरेराह दंगल में तब्दील हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने अपना आपा खो दिया और बीच सड़क पर ही पति की चप्पलों से धुनाई शुरू कर दी।प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, यह पूरा वाकया उस समय हुआ जब दोनों किसी परिजन का इलाज कराने अस्पताल आए थे। बाहर निकलते ही किसी बात पर कहासुनी हुई और गुस्साए पति को सबक सिखाने के लिए पत्नी ने पैर से चप्पल निकालकर ताबड़तोड़ बरसाना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से बौखलाए पति ने भी पलटवार किया और पत्नी को दो जोरदार थप्पड़ जड़ दिए।

बीच सड़क पर हो रहे इस 'जूतम-पैजार' को देखने के लिए वहां तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई। ​माहौल बिगड़ता देख स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बमुश्किल बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। हालांकि, यह हंगामा किस बात पर हुआ और यह दंपति कहां के थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। हंगामे के बाद दोनों बिना किसी पुलिस शिकायत के वहां से रवाना हो गए।