📰 पूरी खबर:

नीमच | रिपोर्ट- हिमांशु राजोरा

मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मालाखेड़ा में बुधवार दोपहर निर्माणाधीन कुएं में कार्य के दौरान अचानक गीली मिट्टी धंस जाने से एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामप्रसाद ओकर पिता लालू बंजारा के कुएं का निर्माण कार्य चल रहा था, जहां ठेकेदार एवं मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान कुएं की गीली मिट्टी अचानक भरभराकर धंस गई, जिससे वहां मौजूद मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

हादसे में कुएं के ठेकेदार रामप्रसाद पिता माधव ओढ़ (करीब 50 वर्ष), निवासी धामनिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही मनासा थाना प्रभारी निलेश अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कुएं से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु मनासा शासकीय अस्पताल भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार कुएं में मिट्टी अत्यधिक गीली होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।