📰 पूरी खबर:
खरगोन जिले के महेश्वर विधानसभा क्षेत्र के करही के ग्राम रोशियाबारी में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान के मवेशियों की मौत हो गई। इस हादसे में किसान को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन ने मौके पर पटवारी को भेजकर पंचनामा बनाने के निर्देश दिए हैं।
महेश्वर के करही क्षेत्र में मानसून की पहली तेज बारिश एक किसान के लिए भारी तबाही लेकर आई। बुधवार शाम करीब 4:30 बजे तेज गर्जना और बारिश के दौरान ग्राम रोशियाबारी में लघु किसान लच्छीराम बुदिया के आंगन में बनी टपरी पर आकाशीय बिजली गिर गई।
उस समय टपरी में बंधी दो भैंस, एक पाड़ा और छह बकरियां बिजली की चपेट में आ गईं, जिससे सभी मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, किसान की आजीविका का मुख्य साधन यही पशुधन था, जिसके नष्ट होने से परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
विंध्याचल पर्वत श्रृंखला से सटे करीब 70 घरों वाले आदिवासी बहुल रोशियाबारी गांव में इस तरह की यह पहली घटना बताई जा रही है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने शासन से पीड़ित किसान को शीघ्र आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही मंडलेश्वर एसडीएम पूर्वा मंडलोई और करही तहसील प्रशासन को अवगत कराया गया। अतिरिक्त तहसीलदार राजेश कुमार मुजमेर ने बताया कि संबंधित हल्का पटवारी को मौके पर भेजकर पंचनामा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमानुसार कार्रवाई पूरी होने के बाद पीड़ित किसान को मुआवजा राशि स्वीकृत कराई जाएगी।