📰 पूरी खबर:

मध्यप्रदेश के हरदा जिले में किसानों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। 100 प्रतिशत समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी और खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसानों ने इंदौर-नागपुर नेशनल हाईवे-47 पर चक्का जाम कर दिया। किसान हाईवे पर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने हाईवे पर टेंट लगाकर धरना दिया। आंदोलनकारियों का दावा है कि प्रदर्शन में 20 हजार से अधिक किसान शामिल हुए हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के लिए पांच जिलों से करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है।

यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने हाईवे का रूट डायवर्ट कर दिया, जिससे लंबा जाम लगने से बचा जा सके।

हालांकि प्रदर्शन के बीच किसानों ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए हाईवे से गुजर रही एक एंबुलेंस को तुरंत रास्ता दिया, जिसके बाद एंबुलेंस अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।