📰 पूरी खबर:
हरदा से राकेश खरका की रिपोर्ट...
हरदा पुलिस को बहुचर्चित अनिल माणिक हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे मामले के मुख्य आरोपी धर्मेंद्र उर्फ धर्मू पटेल को पुलिस की विशेष जांच टीम यानी SIT ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी ससुराल में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए थाना हंडिया क्षेत्र के ग्राम रातातलाई में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया है कि यह मामला जनवरी 2023 में थाना टिमरनी में दर्ज हुआ था। प्रकरण में हत्या, साक्ष्य छिपाने और आपराधिक षड्यंत्र सहित एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
एसआईटी की कार्रवाई डीएसपी आकांक्षा तलया के नेतृत्व में की गई। टीम में निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
गिरफ्तार आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद हरदा न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।
हरदा पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से फरार चल रहे गंभीर अपराध के आरोपी की गिरफ्तारी के लिहाज से बड़ी सफलता माना जा रहा है।