खंडवा जिले के किल्लौद क्षेत्र में खनिज विभाग ने अवैध मुरूम परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुरूम से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम ने एमपी-47 एजी 7952 नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली को कार्रवाई के दौरान जब्त कर किल्लौद थाने में खड़ा कराया है। बताया जा रहा है कि यह वाहन हरदा जिले की खिरकिया तहसील के एक ठेकेदार का है, जो नगर परिषद सहित अन्य विभागों में ठेकेदारी का कार्य करता है।

खनिज विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले का प्रकरण आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर कार्यालय भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि खिरकिया से सटे खंडवा जिले के किल्लौद क्षेत्र से बड़ी मात्रा में अवैध रूप से मुरूम का परिवहन होने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। ऐसे में इस कार्रवाई के बाद अवैध खनिज परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।

अब आगे की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।