📰 पूरी खबर:
रहटगांव। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रहटगांव में आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत थाना प्रभारी मनोज दुबे ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें शिक्षा, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी श्री दुबे ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत को सफलता की कुंजी बताते हुए अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति को समाज में सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करती है।
इस अवसर पर उन्होंने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु हमारे जीवन के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही व्यक्ति सही दिशा में आगे बढ़कर सफलता प्राप्त करता है, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपने गुरुजनों का सम्मान करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति अभियान 2.0 के तहत भी छात्राओं को जागरूक किया गया। थाना प्रभारी मनोज दुबे ने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए छात्राओं से अपील की कि वे अपने परिवार, रिश्तेदारों एवं आसपास के लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।