हरदा। टिमरनी थाना पुलिस ने वेयरहाउस परिसर में लगे ट्रांसफार्मर और उसके स्ट्रक्चर से लाखों रुपये के सामान की चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शंशाक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा और एसडीओपी आकांक्षा तलया के निर्देशन में की गई।

पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को लक्ष्मीशांति फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (राइस मिल) के संचालक हर्ष गोयल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी राइस मिल में लगे 500 केवीए ट्रांसफार्मर को अज्ञात बदमाशों ने खोलकर उसमें से करीब 250 किलो कॉपर कॉयल, लगभग 525 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल और अन्य महत्वपूर्ण पार्ट्स चोरी कर लिए हैं। मामले में टिमरनी थाने में बीएनएस की धारा 303(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की। 21 जुलाई को घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों में भोपाल निवासी शहजाद उर्फ सलीम (45 वर्ष), बब्लू (35 वर्ष), सफीक शाह और सुरजीत मंडल (38 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया माल बरामद कर लिया है, जबकि शेष सामान की बरामदगी के लिए न्यायालय से पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ जारी है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक मुकेश गौड़, उप निरीक्षक उदयराम सिंह चौहान, सउनि चंदनशाह उईके सहित थाना टिमरनी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।