📰 पूरी खबर:
हरदा जिले के खिरकिया विकासखंड की ग्राम पंचायत धनवाड़ा में मोबाइल टावर लगाने को लेकर विवाद सामने आया है। गांव के रहवासी इलाके के बीच टावर लगाए जाने की खबर के बाद ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी आपत्ति के बावजूद टावर लगाने का काम किया जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक मोबाइल टावर को गांव के बीच लगाने को लेकर पंचायत से लेकर कलेक्टर तक शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद कंपनी के ठेकेदार द्वारा टावर लगाने का काम जारी रखने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि रहवासी क्षेत्र में टावर लगाने से उन्हें रेडिएशन और स्वास्थ्य संबंधी संभावित खतरे की चिंता है। इसी को लेकर ग्राम पंचायत में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई।बैठक में ग्रामीणों ने प्रस्ताव रखा कि मोबाइल टावर रहवासी इलाके से दूर किसी उपयुक्त स्थान पर लगाया जाए, ताकि गांव में रहने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कराई जाए और टावर लगाने से पहले उनकी आपत्तियों और सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जाए।अब सवाल यह है कि ग्रामीणों के विरोध और शिकायतों के बावजूद टावर लगाने का काम क्यों किया जा रहा है? क्या प्रशासन ग्रामीणों की आपत्ति पर कार्रवाई करेगा या गांव के बीच ही मोबाइल टावर लगाया जाएगा? फिलहाल धनवाड़ा में टावर को लेकर ग्रामीणों का विरोध जारी है।