मध्य प्रदेश में आज कई बड़े फैसलों का दिन है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज जगदीशपुर में डेस्टिनेशन कैबिनेट की बैठक होगी, जहां समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी के ड्राफ्ट समेत कई अहम प्रस्तावों पर फैसला हो सकता है।

मुख्यमंत्री सुबह जगदीशपुर पहुंचकर प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 10 लाख 54 हजार किसानों के खातों में 1460 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि सिंगल क्लिक के जरिए अंतरित की जाएगी।


कैबिनेट में यूसीसी के ड्राफ्ट पर भी चर्चा होगी। प्रस्ताव में सभी बच्चों को समान कानूनी दर्जा देने, विवाह और तलाक का अनिवार्य पंजीयन, लिव-इन रिलेशनशिप के नियम और सभी समुदायों के लिए एक समय में केवल एक विवाह को मान्यता देने जैसे प्रावधान शामिल हो सकते हैं।


इसके अलावा मध्यप्रदेश राजमार्ग संशोधन विधेयक, निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक, धनवंतरी स्वास्थ्य विश्वविद्यालय विधेयक, श्रम संहिता-2026 और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से जुड़े प्रस्तावों पर भी कैबिनेट की मुहर लगने की संभावना है।


बैठक के बाद मुख्यमंत्री प्रेस वार्ता करेंगे और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से झाबुआ के बलराम कृषि महोत्सव में भी शामिल होंगे। आज की इस कैबिनेट बैठक पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं।