📰 पूरी खबर:
मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी को लेकर किसानों की नाराज़गी के बीच अब मोहन सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश सरकार ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर मूंग खरीदी की सीमा बढ़ाने की मांग की है। आखिर सरकार ने यह मांग क्यों की और किसानों को इससे क्या फायदा होगा... देखिए ये रिपोर्ट।
किसानों के हितों का हवाला देते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने केंद्र से मूंग खरीदी का लक्ष्य बढ़ाने की मांग की है। कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर प्रदेश के लिए 8.06 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी की अनुमति देने का अनुरोध किया है। फिलहाल प्रदेश को केवल 4.54 लाख मीट्रिक टन खरीदी की स्वीकृति मिली है।
सरकार का कहना है कि अब तक 3 लाख 47 हजार से ज्यादा किसानों ने पंजीयन कराया है, लेकिन मौजूदा सीमा के चलते केवल करीब 82 हजार किसानों से ही खरीदी हो सकी है। ऐसे में यदि सीमा नहीं बढ़ी तो बड़ी संख्या में किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदना चाहती है। वहीं किसान प्रतिनिधियों से बैठक कर उनकी मांगों पर जल्द निर्णय का भरोसा भी दिया गया है।अब सबकी निगाहें केंद्र सरकार के फैसले पर टिकी हैं। देखना होगा कि मूंग खरीदी की सीमा बढ़ती है या नहीं, क्योंकि इसी पर लाखों किसानों की उम्मीदें टिकी हुई हैं।