📰 पूरी खबर:
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा जन-समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं की जमीनी निगरानी के लिए संचालित 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' के तहत सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) का निर्वहन करते हुए जेके सीमेंट (JK Cement) ने अपनी सराहनीय भागीदारी निभाई है। अभियान के अंतर्गत पन्ना जिले के ककरहाटी एवं आसपास के क्षेत्रों के क्षय रोगियों (TB) के बेहतर स्वास्थ्य एवं त्वरित सुधार के लिए जेके सीमेंट की ओर से विशेष टीबी पोषण किट वितरित किए गए।
इस जन विश्वास कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पन्ना जिला कलेक्टर श्रीमती ऊषा परमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) उमरावकांत मरावी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. SP) वंदना चौहान तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश तिवारी सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने 'टीबी मुक्त भारत' अभियान में निजी क्षेत्र और कॉरपोरेट संस्थाओं के इस सहयोग की मुक्त कंठ से सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि नियमित दवाइयों के सेवन के साथ-साथ उच्च पोषणयुक्त आहार टीबी के पूर्ण इलाज के लिए बेहद आवश्यक है। जेके सीमेंट द्वारा किया गया यह प्रयास मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में अत्यंत मददगार साबित होगा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के शीर्ष अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों (HODs) के साथ जेके सीमेंट के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। जेके सीमेंट प्रबंधन ने आश्वस्त किया कि कंपनी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में जिला प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर निरंतर अपनी सहभागिता निभाती रहेगी।