📰 पूरी खबर:
पन्ना (पवई)। जनगणना 2027 के मकान सूचीकरण में पवई तहसील के पर्यवेक्षक शिक्षक सतानंद ने देश हित में अनूठी पहल की है। ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सर्किल नंबर 9 के प्रगणक अब साइकिल से घर-घर पहुंचकर मकान जनगणना का कार्य कर रहे हैं।
16 मई 2026 को ग्राम नारायणपुरा में पर्यवेक्षक शिक्षक सतानंद पाठक साइकिल पर जनगणना किट और प्रपत्र रखकर नारायणपुरा में सर्वे करते नजर आए। उन्होंने बताया कि साइकिल से गली-मोहल्लों में आसानी से पहुंचा जा सकता है। इससे समय भी बचता है और शासन का ईंधन खर्च भी कम होता है।
प्रगणकों का कहना है कि साइकिल से काम करने पर ग्रामीण भी सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं। कई बुजुर्गों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण भी स्वच्छ रहेगा।
पर्यवेक्षक शिक्षक सतानंद पाठक ने कहा कि यह छोटे स्तर पर ही सही, लेकिन देश सेवा की भावना दिखाता है। उन्होंने अन्य प्रगणकों से भी अपील की कि जहां तक संभव हो साइकिल या पैदल ही सर्वे करें।
जनगणना 2027 का यह मकान सूचीकरण कार्य 30 मई तक चलेगा। पर्यवेक्षक की यह साइकिल यात्रा देश हित में एक प्रेरणादायक उदाहरण बन रही है।