📰 पूरी खबर:

पन्ना जिले के दक्षिण पन्ना वनमंडल अंतर्गत 22 मई 2026 को “अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस” उत्साह और व्यापक जनसहभागिता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वन परिक्षेत्र कल्दा के ग्राम सारंगपुर तथा वन परिक्षेत्र शाहनगर के बीट उमरिया में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों, युवाओं और बच्चों में जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना रहा।

ग्राम सारंगपुर में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने जैव विविधता संरक्षण पर आधारित लघु नाटक, कविता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें ग्रामीणों और अतिथियों ने सराहा। कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक संवाद भी हुआ, जिसमें वन, वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान पक्षियों के लिए पानी के सकोरे रखकर गर्मी में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया और उपस्थित लोगों को जैव विविधता संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही जैव विविधता से संबंधित पुस्तकों का वितरण और पुरस्कार वितरण किया गया।

कार्यक्रम में उपवनमंडलाधिकारी कल्दा रचना शर्मा, सरपंच रूपलाल वर्मा, ग्राम वन समिति के पदाधिकारी सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में शाहनगर के बीट उमरिया में भी ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से जैव विविधता दिवस मनाया गया। यहां जागरूकता रैली निकालकर प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में लगभग 60 ग्रामीण, महिलाएं, पुरुष और बच्चों ने भाग लिया। वन विभाग द्वारा आयोजित यह पहल स्थानीय समुदाय को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।