📰 पूरी खबर:
पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना में एक बड़ा हादसा हुआ है। पन्ना के अजयगढ़ क्षेत्र के बीहरपूवा गांव में निर्माणाधीन कुआं धंस गया है। कुएं की मिट्टी अचानक भरभराकर गिरने से सात लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।
पांच मजदूरों की मौत
मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में पांच व्यक्तियों की मौत हो गई है। दो शवों को अभी तक निकाला गया है। वहीं, तीन शवों को निकालने की कोशिश जारी है। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में वहां ग्रामीण जमा हो गए हैं। जेसीबी के जरिए अंदर से निकालने की कोशिश जारी है। आरोप है कि सूचना मिलने के बाद भी पन्ना प्रशासन की टीम काफी देर से पहुंची।
कुएं का चल रहा था निर्माण
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय कुएं का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मिट्टी धंस गई और वहां काम कर रहे मजदूर नीचे दब गए। दबे लोगों में चुन्नू यादव, रामपाल यादव, राजुमार यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे में दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य को निकालने के प्रयास जारी हैं।
प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने जेसीबी और एलएनटी मशीनों की मदद से खुदाई शुरू कर दी है। रेस्क्यू और बचाव दल भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटा हुआ है। पिछले कई घंटों से लगातार मिट्टी हटाने का काम किया जा रहा है।
घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। परिजन और गांव के लोग दबे लोगों के सुरक्षित बाहर निकलने की उम्मीद में मौके पर डटे हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है तथा सभी लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है।