📰 पूरी खबर:
ग्रीन इंडिया मिशन (GIM) के अंतर्गत आजीविका संवर्धन एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में दक्षिण पन्ना वनमंडल के प्रयास अब रोजगार के रूप में साकार होने लगे हैं। मध्यप्रदेश वन विभाग के दक्षिण पन्ना वनमंडल द्वारा संचालित जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (GDA) प्रशिक्षण कार्यक्रम ने वनांचल के युवाओं, विशेषकर बेटियों, को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। शाहनगर रेंज में आयोजित इस प्रशिक्षण के तकनीकी पार्टनर के रूप में वॉकहार्ट फाउंडेशन ने सहभागिता निभाई।
प्रशिक्षण के उपरांत आयोजित प्लेसमेंट प्रक्रिया में उत्साहजनक सफलता मिली। शाहनगर केंद्र के 6 प्रशिक्षार्थियों ने शाल्बी हॉस्पिटल, जबलपुर के लिए साक्षात्कार दिया, जिनमें से 3 का चयन हुआ और उन्होंने ₹11,000 प्रतिमाह के वेतन पर कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है। इसी प्रकार मेदांता हॉस्पिटल, इंदौर के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया में 19 प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 8 का चयन हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों की शीघ्र जॉइनिंग कराई जाएगी तथा उन्हें ₹14,500 प्रतिमाह का मासिक वेतन प्राप्त होगा।
14 जुलाई को आयोजित प्रमाणपत्र वितरण समारोह में प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण होने के प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा अधिकारी कृष्णा प्रसाद,शाहनगर के वन परिक्षेत्र अधिकारी राजुल कटारे, प्रशिक्षण केंद्र पर्यवेक्षक आशीष कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों से संवाद किया। उन्होंने ग्रीन इंडिया मिशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को कौशल आधारित रोजगार के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।