📰 पूरी खबर:

पन्ना जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। गुनौर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक निगरानीशुदा बदमाश को अवैध देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में गुनौर थाना पुलिस गश्त और अपराधियों की धरपकड़ अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति टिकरिया से पटना की ओर अवैध हथियार लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम खिलाड़ी उर्फ रामखिलावन निवासी ग्राम डोभा, थाना गुनौर बताया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से .315 बोर का अवैध देशी कट्टा और जेब से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी कोई वैध शस्त्र लाइसेंस नहीं दिखा सका। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह हथियार करीब एक वर्ष पहले अमानगंज के साप्ताहिक बाजार से खरीदा था और हालिया विवाद के बाद अपनी सुरक्षा के लिए साथ रख रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

अनूप कुमार शुक्ला

रिपब्लिक मध्य प्रदेश न्यूज़।