📰 पूरी खबर:
पन्ना जिले के पवई में आरसीसी सड़क के ऊपर दोबारा सीसी सड़क निर्माण को लेकर विरोध तेज हो गया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने इस मामले में अनुविभागीय अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का कहना है कि मुख्य बाजार क्षेत्र की आरसीसी सड़क अभी भी अच्छी स्थिति में है। इसके बावजूद उसी के ऊपर सीसी सड़क बनाने से सड़क की ऊंचाई बढ़ जाएगी, जिससे बारिश का पानी दुकानों और प्रतिष्ठानों में भरने की आशंका है। कांग्रेस का कहना है कि इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ज्ञापन में मांग की गई कि नई सड़क बनाने के बजाय नगर में डिवाइडर, आधुनिक स्ट्रीट लाइट, फुटपाथ, नाली व्यवस्था और सौंदर्यीकरण जैसे विकास कार्य कराए जाएं। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों सहित व्यापारी और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
वहीं इस मामले पर एसडीएम समीक्षा जैन ने कहा कि एनएचएआई अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार जहां जैसी आवश्यकता होगी, उसी के अनुसार निर्माण कार्य कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जहां सड़क जर्जर है, वहां सीसी सड़क का निर्माण जारी रहेगा ताकि आवागमन सुगम हो सके।
अब सभी की नजर संयुक्त निरीक्षण की रिपोर्ट पर है। इसके बाद ही तय होगा कि नगर में सड़क निर्माण का कार्य किस स्वरूप में आगे बढ़ेगा।