📰 पूरी खबर:
बुंदेलखंड की ऐतिहासिक नगरी पन्ना आज पूरी तरह हरिभक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। मौका था लगभग 180 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक रथयात्रा का, जहां ब्रह्मांड के नायक भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी इस बार बेहद अनोखे रूप में नजर आए। भगवान जगन्नाथ आज 'दूल्हा' बने और पूरे राजसी वैभव व भव्य बारात के साथ नगर भ्रमण पर निकले। इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बनने के लिए समूचे बुंदेलखंड से श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि सड़कों से लेकर छतों तक पैर रखने की जगह नहीं बची। परंपरा के अनुसार, पन्ना राजघराने के युवराज छत्रसाल सिंह जूदेव द्वितीय ने भगवान की आरती कर चंवर डुलाने की रस्म निभाई, जिसके बाद सशस्त्र पुलिस बल द्वारा भगवान को 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया।
ओडिशा के पुरी की तर्ज पर निकलने वाली यह रथयात्रा देश की सबसे प्राचीन और बड़ी यात्राओं में से एक है। इस ऐतिहासिक महोत्सव में सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मंत्री व विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह और कलेक्टर ऊषा परमार सहित कई दिग्गजों ने भी रथ खींचकर पुण्य लाभ कमाया।