📰 पूरी खबर:
पन्ना जिले के पवई विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिमरा कलां में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत की सरपंच अर्चना पाण्डेय और सरपंच प्रतिनिधि शिवकुमार पाण्डेय के प्रयासों से जबलपुर की लाइफ मेडिसिटी हॉस्पिटल की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
शिविर में 100 से अधिक ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराई। डॉक्टरों ने ब्लड प्रेशर, शुगर सहित विभिन्न बीमारियों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। गंभीर मरीजों को आगे विशेषज्ञ उपचार कराने की सलाह भी दी गई।
इस दौरान ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वच्छता और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया।
सरपंच प्रतिनिधि शिवकुमार पाण्डेय ने कहा कि भविष्य में भी ग्रामीणों के हित में ऐसे जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।