मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद दर्दनाक और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। पन्ना के जनकपुर मेले से दुकान बढ़ाकर अपने गांव गांधीग्राम लौट रही एक वृद्ध महिला को तेज रफ़्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। मृतका की पहचान गांधीग्राम निवासी सतरिया पारधी के रूप में हुई है, जो मेले में पांचमुखी रुद्राक्ष की माला बेचकर अपने परिवार का पेट पालती थीं। ​टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बोलेरो चालक ने शुरुआत में मानवता दिखाई और महिला को अपनी गाड़ी में लादकर जिला अस्पताल पन्ना के लिए रवाना हुआ। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद चालक ने जो किया, उसने सबको हैरान कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही आरोपी चालक मृतका के शव को वहीं छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गया।

 घटना की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार बोलेरो चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।