📰 पूरी खबर:
पवई विधानसभा को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। मध्यप्रदेश शासन ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिमरिया एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैपुरा (शाहनगर) का उन्नयन कर उन्हें 30-30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के रूप में स्वीकृति प्रदान की है। दोनों परियोजनाओं के लिए 11.70-11.70 करोड़ रुपए, यानी कुल 23.40 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है।
स्वीकृत राशि से दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में सिविल निर्माण, आधुनिक चिकित्सा उपकरण और फर्नीचर की व्यवस्था की जाएगी। इससे पवई विधानसभा के हजारों ग्रामीणों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी और गंभीर मरीजों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय या अन्य शहरों की दौड़ कम करनी पड़ेगी।
विधायक प्रहलाद लोधी ने इसे क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह निर्णय पवई विधानसभा के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री राजेंद्र शुक्ल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी तथा लोगों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिलेगा।
यह परियोजना पूरी होने के बाद सिमरिया, रैपुरा और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर उपचार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।