दक्षिण पन्ना वनमंडल के शाहनगर परिक्षेत्र में पदस्थ वनकर्मी ओमनारायण प्रजापति द्वारा संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। ग्राम सुनपुरा निवासी श्री राजन आदिवासी, जो एक पैर से दिव्यांग हैं, आर्थिक एवं शारीरिक कठिनाइयों के कारण वन भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास कर रहे थे। श्री प्रजापति ने उनसे संवाद कर उन्हें वन संरक्षण के महत्व से अवगत कराया तथा सकारात्मक रूप से प्रेरित किया।

श्रीराजन की परिस्थितियों को देखते हुए श्री ओमनारायण प्रजापति उन्हें स्वयं शाहनगर लेकर आए तथा मध्य प्रदेश शासन द्वारा दिव्यांगजनों के लिए संचालित एक योजना के अंतर्गत त्रिचक्रीय साइकिल उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराईं। उनके सतत प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 27 जुलाई को श्रीराजन को त्रिचक्रीय साइकिल उपलब्ध कराई गई। इस पहल से न केवल उन्हें आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, जनसेवा और वन संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश भी प्रसारित होगा।