धार जिले के धामनोद में नशे के खिलाफ जनजागरूकता का अनोखा संदेश देखने को मिला। पुलिस मुख्यालय भोपाल के "नशे से दूरी, है जरूरी 2.0" अभियान के तहत पुलिस थाना धामनोद द्वारा मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने हिस्सा लिया।

वीओ:

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस मैराथन का शुभारंभ थाना परिसर से हुआ। दौड़ महेश्वर फाटा होते हुए पुराने बस स्टैंड तक निकाली गई।

इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ, सुरक्षित व नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

मैराथन में एसडीओपी मोनिका सिंह, थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव, पुलिस बल, नगर के गणमान्य नागरिकों तथा युवाओं सहित करीब 120 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।