📰 पूरी खबर:
पन्ना जिले के अजयगढ़ से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। करीब 36 घंटे से लापता 17 वर्षीय छात्रा का शव उसके घर के पास स्थित हजूरी तालाब में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय छात्रा 29 जुलाई की रात करीब 11 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। उस समय उसके माता-पिता जौनपुर गए हुए थे। काफी तलाश के बाद भी जब छात्रा का कोई पता नहीं चला, तो 30 जुलाई को अजयगढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
इसके बाद लगातार छात्रा की तलाश की जा रही थी। शुक्रवार को नगर परिषद के पीछे स्थित हजूरी तालाब में उसका शव पानी में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।