पन्ना जिले के गुनौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के फड़ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगदी, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और एक मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 29 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चौहान के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुनौर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पप्पू खान के मकान के पीछे तालाब की मेड़ पर जुआ खेला जा रहा है।

थाना प्रभारी बलबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर पांच आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 43 हजार 500 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, 52 ताश के पत्ते और एक डिस्कवर मोटरसाइकिल जब्त की।

सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।