📰 पूरी खबर:
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री इन्दर सिंह परमार ने कहा है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके विश्वास एवं जवाबदेह प्रशासन की कसौटी पर खरा उतरने के उद्देश्य से आरंभ किया गया है। अब आगामी 8 जनवरी तक प्रत्येक शुक्रवार को विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधि भी क्षेत्र भ्रमण कर आम जनता की समस्याओं का निराकरण करेंगे। इस दौरान जन एवं उद्योग संवाद कार्यक्रम के साथ ही शासकीय संस्थाओं का भ्रमण भी होगा। प्रभारी मंत्री श्री परमार ने शनिवार को कलेक्टर कार्यालय के सभागार में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शासकीय सेवक और जनप्रतिनिधि जनहितैषी समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए सदैव तत्पर रहें। अभियान अंतर्गत नगरीय और ग्रामीण क्षेत्र में शिविर के जरिए लोगों को आसानी से विभिन्न विभागों की सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने के साथ ही शिविर स्थल पर हितलाभ का वितरण भी किया जाएगा। शिविर में प्राप्त समस्त आवेदनों पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित होगी। प्रभारी मंत्री ने अवगत कराया कि वे आगामी शुक्रवार, 14 अगस्त को पन्ना एवं गुनौर ब्लॉक में प्रस्तावित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर में शामिल होने पुनः आएंगे।
मंत्री श्री परमार ने अभियान एवं शिविर के सफल आयोजन के दृष्टिगत महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से अभियान के क्रियान्वयन के लिए जारी गाइडलाइन का विभागवार अक्षरशः पालन किया जाए। क्षेत्र में विशेष रूप से खाद वितरण और विद्युत संबंधी शिकायतों के निराकरण पर प्रभावी कार्यवाही करें। जनता से निरंतर संवाद एवं जुड़ाव भी कायम रखें। क्षेत्र भ्रमण की पूर्व सूचना से स्थानीयजन को अवगत कराएं और जनता से मिले फीडबैक के आधार पर व्यवस्था को दुरूस्त करने का प्रयास किया जाए। ग्रामों की मूलभूत समस्याओं पर भी फोकस करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी आम जनता में विश्वास कायम कर आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करें। बैठक की शुरूआत में कलेक्टर ऊषा परमार ने जन विश्वास अभियान के तहत नगरीय निकाय एवं विकासखंडवार प्रस्तावित शिविरों की जानकारी एवं रूपरेखा से अवगत कराया। बैठक में प्रभारी मंत्री श्री परमार का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
9 दिवसीय हर घर तिरंगा अभियान की करें तैयारी
उच्च शिक्षा मंत्री ने 9 से 17 अगस्त तक संचालित होने वाले 9 दिवसीय हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीयता की भावना के साथ अभियान में आम नागरिक भी सहभागी बनें और गौरव के साथ घर एवं दफ्तरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराएं। अभियान में तिरंगा यात्रा की भी पूर्व तैयारी कर लें। इस कार्य में समाज में सक्रिय भूमिका का निर्वहन करने वाले व्यक्तियों को भी जोड़ें। तिरंगा की सुलभ तरीके से उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों को अभियान के संबंध में प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि गांव गांव तक हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कर बेहतर वातावरण तैयार करें। तिरंगा यात्रा में डीजे के स्थान पर स्थानीय बैण्ड को प्रोत्साहित किया जाए। प्रभारी मंत्री द्वारा जिले में नशामुक्ति अभियान के तहत की गई कार्यवाही की जानकारी भी ली गई। साथ ही पूर्ण हो चुके विकास कार्यों के लोकार्पण के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। बैठक में पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं गुनौर विधायक राजेश वर्मा सहित जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव, नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, वन मंडलाधिकारी दक्षिण अनुपम शर्मा, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारीगण मौजूद रहे।