📰 पूरी खबर:
पन्ना मध्य प्रदेश! हर हर तिरंगा अभियान की गतिविधियों में प्रत्येक नागरिक बढ़चढ़ कर भागीदारी करें। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में तिरंगे की पुनर्स्थापना का निर्णय लिया गया है। यह प्रत्येक नागरिक के लिए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और भाव प्रकट करने का अवसर भी है, इसलिए उमंग और उल्लास के वातावरण में हर घर तिरंगा जरूर फहराएं। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री इन्दर सिंह परमार ने यह बात शुक्रवार को देवेन्द्रनगर में नगर परिषद के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में कहीं। इस अवसर पर उन्होंने 87 लाख 38 हजार रूपए की लागत से नवीन निर्मित नगर परिषद कार्यालय भवन का विधिवत पूजन अर्चन कर एवं फीता काटकर लोकार्पण किया। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि नवनिर्मित कार्यालय भवन जनता की समस्याओं के समाधान का केंद्र बनेगा। यहां बैठक और उचित पेयजल व्यवस्था के साथ नागरिकों को सुलभ तरीके से शासकीय सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। प्रभारी मंत्री ने नगर परिषद कार्यालय के कक्ष और परिसर का निरीक्षण भी किया। आयोजित कार्यक्रम में संबोधन के दौरान 14 अगस्त को मनाए जाने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अखंड भारत का बंटवारा केवल धरती के टुकड़े का विभाजन नहीं था, बल्कि हमारी अमूल्य संस्कृति और परम्परा का विभाजन भी था। इसलिए प्रत्येक देशवासी के मन में देश प्रथम की भावना निहित होना चाहिए। पूर्व में किसी भी संकट के समय देश हमेशा एक साथ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में देश की आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होंगे, जिसके मुताबिक हमें काम करने तथा संकल्पों को पूरा करने की आवश्कता है। प्रभारी मंत्री श्री परमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने में मध्यप्रदेश अव्वल है। नवीन नीति में देश की ज्ञान परंपरा पर केंद्रित शिक्षा पर जोर दिया गया है। अब शौर्य और पराक्रम का इतिहास भी पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने आह्वान किया कि देश की आजादी को सदैव अक्षुण्ण बनाए रखें। देशभक्ति का काम केवल सेना का नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेवारी का निर्वहन करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमें अनुशासित देश, आदर्श समाज व आदर्श व्यवस्था बनाने के लिए आगे आना चाहिए। स्वास्थ्य केंद्र व सर्वसुविधायुक्त स्कूल भवन का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है। आयुष चिकित्सा पद्धति एवं योग अपनाकर नागरिकों के स्वास्थ्य में सुधार परिलक्षित हुआ है। शिक्षा व्यवस्था में रिसर्च और अनुसंधान के साथ विश्वस्तरीय शिक्षा प्रदान करने का लक्ष्य है। शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव के साथ ही ऊर्जा के क्षेत्र में देश ने आत्मनिर्भरता हासिल की है। महाविद्यालयों में नवीन संकाय प्रारंभ करने तथा शैक्षणिक स्टॉफ की भर्ती का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने उपस्थितजनों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश वर्मा ने गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र में चिकित्सालय व स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन सहित अन्य विकास कार्यों की जानकारी देते हुए नगर परिषद भवन को नगरवासियों एवं नगर के विकास के लिए उपयोगी बताया तथा कहा कि बड़ागांव क्षेत्र में 140 एकड़ का औद्योगिक क्षेत्र बनने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। विधायक ने संस्कृत महाविद्यालय में कर्मकांड की कक्षाएं आरंभ कराने की मांग भी रखी। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रभारी मंत्री द्वारा कन्या पूजन कर उत्कृष्ट प्रतिभा सम्मान का वितरण किया गया। उन्होंने संस्कृत महाविद्यालय की पत्रिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा सहित नगर परिषद अध्यक्ष शिवांगी गुप्ता, सतानंद गौतम, माधवेंद्र सिंह, एसडीएम संजय नागवंशी, सीएमओ के.के. तिवारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीयजन भी उपस्थित रहे।
निर्माणाधीन संस्कृत महाविद्यालय भवन का किया निरीक्षण*
प्रभारी मंत्री ने देवेन्द्रनगर के संस्कृत महाविद्यालय का निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया। महाविद्यालय के निर्माणाधीन भवन का अवलोकन कर शिक्षक एवं विद्यार्थियों से भेंट की। इस अवसर पर सागर संभाग के एक मात्र संस्कृत महाविद्यालय में कंप्यूटर एवं फर्नीचर की समुचित व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए। साथ ही भारतीय ज्ञान परंपरा पर केंद्रित पुस्तकालय के संचालन के लिए भी कहा। संस्कृत महाविद्यालय को बेहतर शिक्षा केंद्र के रूप में स्थापित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कर सामूहिक फोटो भी खिंचवाई।