पन्ना जिले के मोहन्द्रा वन क्षेत्र में जंगल में गए एक ग्रामीण का अचानक वयस्क भालू और उसके दो शावकों से सामना हो गया। भालू के हमले में ग्रामीण घायल हो गया। घटना के बाद वनकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया।मामला दक्षिण पन्ना वनमंडल के मोहन्द्रा वन परिक्षेत्र की अधराड़ी बीट के कक्ष क्रमांक 1257 का है। 19 अगस्त की शाम ग्राम दामुइया निवासी 37 वर्षीय राकेश सिंह जंगल में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक उनका सामना एक वयस्क भालू और दो शावकों से हो गया।

बताया जा रहा है कि भालू के हमले में राकेश सिंह के बाएं पैर के घुटने में चोट आई। घटना के समय उनके साथ गांव के राजेंद्र और राहुल भी मौजूद थे।घटना की जानकारी मिलते ही वनपाल गोविन्द प्रजापति और बीटगार्ड रजनीश चौधरी मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल ग्रामीण को अपने वाहन से तत्काल रैपुरा अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद राकेश सिंह को बेहतर इलाज के लिए कटनी रेफर किया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि घने जंगल और वन क्षेत्रों में आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतें और वन्यजीवों से दूरी बनाए रखें।