पन्ना, 20 अगस्त 2026। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत पन्ना जिले के 19 मंडलों में कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक राजेश वर्मा एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री बृजेंद्र मिश्रा ने मंडल अध्यक्षों को कलश सौंपे तथा संत रविदास जी के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भोपाल के रविंद्र भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित प्रदेश स्तरीय समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री बृजेंद्र मिश्रा ने सहभागिता की। उन्होंने संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के कलश का विधिवत पूजन कर सम्मानपूर्वक पन्ना जिले के लिए रवाना किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में संत रविदास मंदिर एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात कलशों का वितरण कर जिले में प्रस्तावित कलश यात्राओं को सफल एवं व्यापक बनाने का संकल्प लिया गया।

संत रविदास ने सामाजिक समरसता का संदेश दिया — राजेश वर्मा

विधायक श्री राजेश वर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी महान संत, समाज सुधारक और भक्ति आंदोलन के प्रमुख स्तंभ थे। उन्होंने समाज में व्याप्त जात-पात, भेदभाव और ऊंच-नीच जैसी कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाकर समानता, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विश्वास, सबका विकास’ की भावना के साथ देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को एकता और समरसता का मार्ग दिखाते हैं।

श्री वर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संत रविदास जी की कलश यात्रा को जिले में सर्वव्यापी बनाते हुए उनके विचारों और संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें।

कलश यात्रा को सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी बनाएं — बृजेंद्र मिश्रा

भाजपा जिला अध्यक्ष श्री बृजेंद्र मिश्रा ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समाज में समानता, श्रम की गरिमा और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने ‘बेगमपुरा’ जैसे आदर्श समाज की कल्पना की, जिसमें किसी प्रकार का भेदभाव और असमानता न हो।

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार केवल किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। कलश यात्रा को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाकर संत रविदास जी के सिद्धांतों को प्रत्येक समाज और प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि कलश यात्राओं का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण स्वागत कराया जाए और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाए।

विभिन्न मंडलों में निकलेगी कलश यात्रा

कार्यक्रम के उपरांत विधायक श्री राजेश वर्मा ने कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संत रविदास समरसता संकल्प यात्राएं निकाली जाएंगी। यात्राओं के माध्यम से संत रविदास जी के जीवन, दर्शन एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पांडे, नगर पालिका अजयगढ़ अध्यक्ष श्रीमती सीता गुप्ता, अमानगंज नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सारिका खटीक 
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री संतोष यादव, भाजपा जिला महामंत्री श्री राजेंद्र कुशवाहा, श्री शैलेंद्र राजपूत, श्री भास्कर पांडे, श्री विजय राजा सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की रूपरेखा जिला स्तरीय टोली के संयोजक श्री भास्कर पांडे ने प्रस्तुत की, जबकि श्री शैलेंद्र राजपूत ने संत रविदास जी के जीवन एवं उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन अनुसूचित जाति जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष श्री संजय अहिरवार ने किया तथा आभार जिला स्तरीय टोली के सदस्य श्री विजय राज ने व्यक्त किया।

भाजपा मीडिया सेंटर जिला पन्ना की ओर से जारी इस कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं एवं आमजन से संत रविदास जी के समरसता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा कलश यात्राओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान किया गया।