प्रकृति के संरक्षण और धरती को हरा-भरा बनाने के पावन संकल्प के साथ जेके सीमेंट पन्ना की सीएसआर (CSR) शाखा ने एक प्रेरणादायी महाअभियान का शंखनाद किया है। प्रधानमंत्री के आह्वान से प्रेरित 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए संस्थान द्वारा एक सुसज्जित 'हरित रथ' तैयार किया गया है, जिसे ग्रामीण अंचलों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अनूठी मुहिम का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक को अपनी पूज्य माता जी के नाम पर एक पौधा लगाने और उसका संरक्षण करने के लिए भावनात्मक रूप से जोड़ना है। यह 'हरित रथ' गांव-गांव, द्वार-द्वार जाकर ग्रामीणों को फलदार व छायादार पौधे निःशुल्क भेंट करेगा, जिससे पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ क्षेत्र के हरित आवरण में अभूतपूर्व विस्तार होगा।
कार्यक्रम में जेके ट्रस्ट की टीम और 30 सेंटरों के समर्पित गोपालों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। समारोह के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों और ग्रामीणों ने हाथ उठाकर इस पर्यावरण महाकुंभ को एक व्यापक जन-आंदोलन बनाने और प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।