पवई। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को पवई नगर सहित आंचलिक क्षेत्रों में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गईं। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया।


रक्षाबंधन को लेकर पिछले कई दिनों से बाजारों में चहल-पहल बनी हुई थी। शुक्रवार को भी राखी, मिठाई और पूजन सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। रंग-बिरंगी राखियों से सजी दुकानों ने बाजार की रौनक बढ़ा दी। बहनें अपनी पसंद की राखी खरीदती नजर आईं, तो मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

दूर रह रहे भाई-बहनों ने वीडियो कॉल से मनाया पर्व-
रोजगार और अन्य कारणों से दूसरे शहरों में रह रहे भाई-बहनों ने भी रक्षाबंधन के मौके पर एक-दूसरे से संपर्क कर पर्व की खुशियां साझा कीं। कई परिवारों में बहनों ने भाइयों को ऑनलाइन राखी भेजी, जबकि कुछ ने वीडियो कॉल के जरिए राखी बांधने की रस्म पूरी की।
पवई नगर के साथ ग्रामीण अंचलों में भी रक्षाबंधन को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। घरों में पूजा-अर्चना के बाद बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर आरती उतारी और राखी बांधी। इसके बाद मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। पूरे क्षेत्र में दिनभर भाई-बहन के स्नेह और रिश्तों की मिठास का माहौल बना हुआ है।