पन्ना
6 वर्ष से फरार 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, नाबालिक अपहरण प्रकरण में गुजरात से पकड़ा गया आरोपी
📅 19 Apr, 2026
📰 पूरी खबर:
पन्ना पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में जिले के समस्त थाना प्रभारियों को लंबित प्रकरणों में फरार आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया है। जिसको लेकर पवई पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक लंबे समय से फरार इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
बता दें कि दिनांक 24 मई 2020 को फरियादी ने अपनी नाबालिक पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिस पर थाना पवई में अपराध क्रमांक 253/2020 धारा 363 भादवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। घटना के लगभग एक माह पश्चात अपहृत बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया था तथा प्रकरण में धारा 366 भादवि का इजाफा किया गया। किंतु आरोपी घटना के समय से ही पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा निरंतर प्रयास किए गए तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला पन्ना द्वारा आरोपी पर 5000 का इनाम भी घोषित किया गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती वंदना सिंह एवं एसडीओपी पवई श्रीमती भावना दांगी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पवई निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की पतारसी की गई। तत्पश्चात आरोपी को कच्छ (गुजरात) से अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे उप जेल पवई भेज दिया गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी पवई निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक बुद्ध सिंह यादव, आरक्षक राजेश बरखने एवं साइबर सेल टीम पन्ना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस खबर को शेयर करें: