📰 पूरी खबर:
शाजापुर जिले के सलसलाई थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। खेत में जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना ग्राम चौकी हिदायतपुर की है, जहां खेत में जुताई का कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि 13 वर्षीय अनमोल ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा।
नीचे गिरते ही अनमोल पीछे चल रहे रोटावेटर की चपेट में आ गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक अनमोल अपने परिवार में पांच बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना मिलते ही सलसलाई पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।