शाजापुर जिले के शुजालपुर मंडी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई 2 लाख 50 हजार रुपये की नकदी सहित कुल 4 लाख 20 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 2 अगस्त को अष्टा रोड स्थित एक चाय दुकान के पास बने ऑफिस से अज्ञात बदमाश नकदी चोरी कर फरार हो गए थे। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। लगातार जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों से चोरी की नकदी के अलावा घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और अन्य सामान भी जब्त किया है। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।