शाजापुर पुलिस को महिला संबंधी गंभीर अपराध के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता मिली है। थाना लालघाटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अपनी पत्नी की हत्या कर पिछले छह वर्षों से फरार चल रहे आरोपी ललित पंचोली को तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2020 को आरोपी ने शाजापुर के विजयनगर स्थित किराए के मकान में अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में पहचान बदलकर छिपता रहा।

पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने साइबर सेल की तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की सटीक लोकेशन कांचीपुरम में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम ने तमिलनाडु पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

अब आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना लालघाटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।