मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। मक्सी थाना क्षेत्र के सिरोलिया गांव में एक निजी स्कूल के शिक्षक ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस कदम को उठाने से पहले मृतक शिक्षक ने एक स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुप पर संदेश लिखकर अपनी पीड़ा बयां की और कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए।

यह पूरी घटना सिरोलिया रेलवे स्टेशन के पास हुई । मृतक की पहचान सिरोलिया निवासी 38 वर्षीय सतीश जोशी पिता मणीशंकर जोशी के रूप में हुई है। सतीश गांव से करीब छह किलोमीटर दूर साजोद गांव के एक निजी स्कूल में शिक्षक थे और अपनी मेहनत के बल पर बच्चों को पढ़ाते थे। वह रोजाना पैदल ही स्कूल आया-जाया करते थे। सोमवार शाम जब वह लौट रहे थे, तभी इंदौर-कोटा ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया आत्महत्या करने से ठीक पहले सतीश जोशी ने एक व्हाट्सएप ग्रुप पर संदेश साझा किया था। इस संदेश में उन्होंने खुलासा किया कि गांव के कुछ लोग उनके बारे में लगातार गलत और झूठी अफवाहें फैला रहे थे, जिससे वे पिछले दो महीनों से मानसिक तनाव और प्रताड़ना का शिकार थे।

आत्महत्या से पहले मृतक शिक्षक सतीश जोशी ने व्हाट्सएप पर एक मैसेज किया जिसमें गांव के दीपक (कालु) पाटीदार पर मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया और प्रशासन से उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इसके साथ ही, उन्होंने अपने सभी मित्रों और परिचितों को अंतिम प्रणाम करते हुए लिखा कि यदि जाने-अनजाने उनसे किसी को कोई ठेस पहुंची हो, तो वे उन्हें क्षमा कर दें। मामले में

मृतक के भाई राहुल जोशी ने बताया कि सतीश अविवाहित थे। इसी बात को लेकर गांव के कुछ लोग उन्हें अक्सर परेशान करते थे और उनके खिलाफ अनर्गल बातें फैलाकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। इसी लगातार मिल रहे मानसिक तनाव के कारण वह अंदर से पूरी तरह टूट चुके थे।

मक्सी थाना प्रभारी मदन इवने ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को आत्महत्या से पहले व्हाट्सएप ग्रुप पर डाले गए संदेशों की जानकारी मिल गई है। पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी