शाजापुर  जिले के थाना सुनेरा पुलिस ने पाक्सो एक्ट और दुष्कर्म के मामले में पिछले 5 साल से फरार चल रहे 5,000 रुपये के इनामी स्थाई वारंटी को गुजरात के मोरवी जिले से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला द्वारा जिले में पूर्व से फरार चल रहे अपराधियों और स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाजापुर एवं एसडीओपी शाजापुर के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी सुनेरा अंकित मुकाती द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया।

थाना सुनेरा के पाक्सो एक्ट एवं बलात्कार के गंभीर अपराध में वर्ष 2022 से फरार चल रहे 5,000 रुपये के इनामी आरोपी देवकरण पिता लालजीराम,  धामन्दा, जिला राजगढ़ की तलाश के लिए पुलिस टीम को गुजरात रवाना किया गया था। टीम द्वारा अथक प्रयासों और सायबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपी को वाकानेर जिला मोरवी, गुजरात से दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।