शाजापुर जिले के शुजालपुर मंडी थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मृत पूर्वजों की बाधा दूर कराने का झांसा देकर महिला से करीब 2 लाख 97 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से डेढ़ लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

24 मई 2026 को शुजालपुर मंडी निवासी रश्मि सक्सेना ने थाना शुजालपुर मंडी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल 2026 को फेसबुक के माध्यम से एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और मृत पूर्वजों की बाधा दूर कराने का दावा कर विश्वास में ले लिया। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन कुल 2 लाख 97 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।

शिकायत मिलने के बाद थाना शुजालपुर मंडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धनश्याम मालवीय और एसडीओपी निमेष देशमुख के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, जिसके दौरान ठगी की राशि में से 79 हजार रुपये होल्ड भी कराए गए।

तकनीकी जांच में आरोपी की लोकेशन मेरठ, उत्तर प्रदेश में मिली। पुलिस टीम ने मेरठ पहुंचकर इस्लाम नगर निवासी 32 वर्षीय मोहम्मद शमीम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने फेसबुक के जरिए महिला से संपर्क कर मृत पूर्वजों की बाधा दूर कराने के नाम पर 2 लाख 97 हजार रुपये की साइबर ठगी की थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 50 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की साइबर ठगी की है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: सूर्या परमार, शुजालपुर।