📰 पूरी खबर:
टीकमगढ़। सोमवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर मध्य प्रदेश के कॉलेजों में डायरेक्ट पद्धति से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने किया।
कार्यकर्ता कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे, लेकिन कलेक्टर नहीं पहुंचे। बाद में अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह, एसडीएम संस्कृति जैन लिटोरिया और तहसीलदार ने ज्ञापन लेकर उनकी बात सुनी।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष चौकसे ने कहा कि देशभर में भाजपा सरकार के खिलाफ युवा आंदोलन कर रहे हैं और भाजपा नेता 'जेन-जी' से डरे हुए हैं। इसलिए मप्र सरकार छात्रसंघ चुनाव कराने से बच रही है।
उन्होंने बताया कि एनएसयूआई ने एक साल पहले सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने नवंबर के प्रथम सप्ताह में चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सीधे चुनाव से डरती है, इसलिए इनडायरेक्ट पद्धति अपनाती है।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में डायरेक्ट पद्धति से चुनाव नहीं कराए गए तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा।