📰 पूरी खबर:
उज्जैन पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत बड़नगर के ग्राम नरसिगा स्थित टॉपर्स स्कूल में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में चल रहे नशामुक्ति अभियान के तहत इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम नरसिगा स्थित टॉपर्स स्कूल से अभियान की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने विद्यार्थियों और आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील भी की।
इस दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा 'नशे के दुष्प्रभाव' विषय पर बनाई गई पेंटिंग प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम में थाना स्टाफ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने बताया कि यह अभियान जिले के सभी स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चलाया जाएगा।