तराना। नगर की एक शिवलिंग प्रतिदिन अभिषेक मंडली द्वारा सावन मास के पावन अवसर पर तराना नगर के विभिन्न मोहल्लों एवं कॉलोनियों में स्थित शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के विभिन्न स्वरूपों का प्रतिदिन अभिषेक-पूजन किया जा रहा है। इसी क्रम में लगातार दूसरे वर्ष उपजेल तराना में श्री सुधारेश्वर महादेव का अभिषेक-पूजन सभी कैदी भाइयों के बीच किया गया।

अभिषेक के दौरान मंडली के प्रमुख पंडित श्री राजेश शर्मा गुरुजी ने कैदी भाइयों को जीवन सुधारने का संदेश देते हुए कहा कि अच्छा इंसान बनने के लिए बहुत कुछ करने की आवश्यकता नहीं होती, केवल अपनी बुरी आदतों में सुधार कर लें, तो जीवन स्वयं सुधर जाएगा।

गुरुजी ने भगवान महादेव के समक्ष दक्षिणा के रूप में प्रत्येक कैदी भाई से अपनी एक बुराई छोड़ने और एक अच्छाई ग्रहण करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। इस पर करीब 28 कैदी भाइयों ने संकल्प लेते हुए आश्वासन दिया कि वे जीवन में अच्छे व्यक्ति बनने का प्रयास करेंगे और अपने बच्चों को भी सद्मार्ग पर चलने की शिक्षा देंगे।

इस दौरान संगीतमय एवं भक्तिमय वातावरण में अभिषेक-पूजन संपन्न हुआ। कैदी भाइयों ने भजन-कीर्तन के साथ भाव-विभोर होकर भगवान शिव की आराधना की और आनंद लिया। मंडली द्वारा नगर की सुख-शांति, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की भावना से यह धार्मिक अभियान निरंतर जारी है।

कार्यक्रम में एक शिवलिंग रोज अभिषेक मंडली के सभी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी मंडली के श्री जगदीश प्रजापति ने दी।