📰 पूरी खबर:
उज्जैन में पुरानी रंजिश ने दो सगे भाइयों की जान ले ली। नीलगंगा थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में फायरिंग और धारदार हथियारों से हमला हुआ, जिसमें दो भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, पासी और गोरकर परिवार के बीच होली के समय हुए विवाद की रंजिश शनिवार रात फिर भड़क गई। रात करीब 11 बजे दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। लाठी, डंडे, तलवार और पत्थरों के साथ फायरिंग भी हुई। गोली लगने से लोकेश गोरकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल बड़े भाई जय गोरकर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मुख्य आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर चार अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया है, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच जारी है।