📰 पूरी खबर:
लोकेशन: उज्जैन | रिपोर्ट: अजय नवरंग
उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियां अब तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की बेहतर यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन लगातार विकास कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहा है।
मंगलवार को संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने इंदौर रोड स्थित नानाखेड़ा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन फुटपाथ और गोंसा से सिंहस्थ बायपास तक बनाए जा रहे नए फोरलेन मार्ग का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रशासन का लक्ष्य है कि सिंहस्थ-2028 से पहले सभी प्रमुख विकास कार्य समय पर पूरे हो जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।