📰 पूरी खबर:
कायथा। कायथा के वरिष्ठ किराना व्यापारी जगदीशचंद्र राठौर एवं उनकी धर्मपत्नी मनोरमा राठौर का रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। इस हादसे में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। दंपति के आकस्मिक निधन से पूरे कायथा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राठौर परिवार आलोट क्षेत्र के समीप स्थित गुल बालोद गांव में भेरू महाराज के दर्शन-पूजन के लिए जा रहा था। इसी दौरान उज्जैन-गरोड़ हाईवे पर ग्राम साबनी के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि गंभीर रूप से घायल जगदीशचंद्र राठौर ने शासकीय अस्पताल बड़ोद में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उनकी धर्मपत्नी मनोरमा राठौर ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अंतिम सांस ली।
हादसे में दीपक राठौर सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कायथा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। बड़ी संख्या में समाजजन, व्यापारी, रिश्तेदार एवं शुभचिंतक राठौर परिवार के निवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
दिवंगत दंपति का अंतिम संस्कार आज (सोमवार) कायथा में शोकपूर्ण वातावरण में किया जाएगा। उनके निधन से व्यापारिक, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। पूरे क्षेत्र में इस हृदयविदारक हादसे की चर्चा है और हर किसी की आंखें नम हैं।