📰 पूरी खबर:
उज्जैन जिले के तराना थाना पुलिस ने ग्राम बघेरा में हुई दिनदहाड़े लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 55 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल खटकेदार चाकू बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई को ग्राम बघेरा निवासी धर्मेन्द्र सोलंकी ने अपने घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद थाना तराना पुलिस ने साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। सूचना मिलने पर एबी रोड स्थित कनासिया नाका के पास जंगल में घेराबंदी कर चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों में सावन, काना, धीरज और आकाश शामिल हैं। इनमें धीरज और आकाश के खिलाफ पहले से मारपीट के मामले भी दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जांच कर रही है।