मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विदिशा कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने आज गंजबासौदा की त्योंदा तहसील का दौरा कर विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया।

सबसे पहले कलेक्टर ने कस्बा बागरोद स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित अध्ययन-अध्यापन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने लगधा स्थित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति का निरीक्षण किया, जहां खाद-बीज वितरण व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

दौरे के अंतिम चरण में कलेक्टर ने त्योंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण, साफ-सफाई और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रशासन का उद्देश्य आमजन तक बेहतर और प्रभावी शासकीय सेवाएं पहुंचाना है।