विदिशा से एक दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है। बेतवा नदी के पुल से एक युवती ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। युवती को डूबता देख वहां मौजूद एक युवक ने बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना बेतवा नदी के पुल की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पूजा सामग्री का विसर्जन करने के लिए रायसेन निवासी विनोद पटेरिया नदी के पास मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक युवती पुल से नदी में जा गिरी।

युवती को पानी में डूबता देख विनोद ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने युवती को पकड़कर पानी से बाहर निकाला। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी तत्काल युवती की मदद की।

इसके बाद युवती को मंदिर परिसर में लिटाकर प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया गया और फिर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। फिलहाल युवती की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हालांकि युवती ने नदी में छलांग क्यों लगाई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं, अपनी जान की परवाह किए बिना युवती की जान बचाने वाले विनोद पटेरिया के साहस की विदिशा जिला कलेक्टर ने फोन पर सराहना की और उन्हें बधाई दी।

युवक की हिम्मत और सूझबूझ के चलते एक जिंदगी बच गई।