विदिशा जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने ग्यारसपुर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सिमरहार का भ्रमण किया। इस दौरान कलेक्टर ने गांव में शासन की योजनाओं और सरकारी सेवाओं की जमीनी हकीकत जानी और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।

कलेक्टर ने ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संचालित नल-जल योजना का जायजा लिया। इसके साथ ही ग्रामीणों से राशन वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण आहार सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ की जानकारी ली।


पीएम जन-मन योजना के तहत मोबाइल यूनिट के माध्यम से ग्रामीणों को दी जा रही सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने शासकीय माध्यमिक शाला पहुंचकर विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक व्यवस्थाओं और स्कूल की अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

इसके बाद आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति और उन्हें दिए जा रहे पोषण आहार की जानकारी ली गई। विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।


भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

एंकर आउट्रो:
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं और सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानना और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाना है। सिमरहार में कलेक्टर के इस दौरे से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का मौका मिला।