📰 पूरी खबर:
टीकमगढ़ जिले के किसानों के हित में भाजपा के पूर्व विधायक के.के. श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर धसान डायवर्सन योजना को जल्द मंजूरी देने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि धसान नदी का पानी लिफ्ट और पाइपलाइन प्रणाली के माध्यम से जामनी नदी तक पहुंचाया जाए, तो जिले के हजारों किसानों को सिंचाई और पेयजल की बड़ी राहत मिल सकती है।
पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि टीकमगढ़ लंबे समय से जल संकट का सामना कर रहा है। भूजल स्तर लगातार गिर रहा है और अधिकांश क्षेत्र सतही जल स्रोतों पर निर्भर है। उन्होंने चंदेलकालीन तालाबों का भी जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना से क्षेत्र के करीब 80 छोटे-बड़े तालाब भरे जा सकते हैं और 15 से 20 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिल सकता है।
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि धसान डायवर्सन यानी ककरवाहा पिकअप परियोजना को नर्मदा-क्षिप्रा लिंक परियोजना की तर्ज पर स्वीकृति दी जाए, जिससे किसानों के साथ-साथ क्षेत्र की पेयजल समस्या का भी स्थायी समाधान हो सके।
मुख्यमंत्री के टीकमगढ़ दौरे से पहले इस मांग ने जिले के किसानों की उम्मीदें एक बार फिर बढ़ा दी हैं।